मलेरिया मुक्त भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ा बालाघाट, जनजागरूकता रथ रवाना । सीएमएचओ डॉ. परेश उपलप ने दिखाई हरी झंडी, मलेरिया निरोधक माह के तहत जिलेभर में चलेगा जागरूकता अभियान।

बालाघाट
मलेरिया उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने और आमजन को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मलेरिया निरोधक माह जून के अंतर्गत सोमवार को स्वास्थ्य विभाग एवं मलेरिया विभाग द्वारा जनजागरूकता रथ को रवाना किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. परेश उपलप ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय परिसर से रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मनीषा जुनेजा सहित स्वास्थ्य विभाग एवं मलेरिया यूनिट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मलेरिया से बचाव एवं रोकथाम संबंधी जानकारी देने वाले पम्पलेट वितरित किए गए। साथ ही जिला चिकित्सालय की ओपीडी में पहुंचे बुखार से पीड़ित मरीजों की मलेरिया जांच भी की गई। इसके अतिरिक्त मलेरिया जागरूकता प्रदर्शनी का शुभारंभ भी सीएमएचओ डॉ. परेश उपलप द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. परेश उपलप ने कहा कि मलेरिया निरोधक माह के दौरान जिले से लेकर ग्राम स्तर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बुखार के मरीज की मलेरिया जांच कराना आवश्यक है तथा मलेरिया पॉजिटिव पाए जाने पर समय पर उपचार, जांच और स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मनीषा जुनेजा ने बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 2030 तक देश को मलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में आमजन की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने वर्षा ऋतु के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि घरों में पानी को ढंककर रखें, कूलरों की नियमित सफाई करें तथा जानवरों एवं पक्षियों के लिए रखे जाने वाले पानी के बर्तनों को भी सप्ताह में कम से कम एक बार साफ कर उनका पानी बदलते रहें।
उन्होंने कहा कि मच्छरों की उत्पत्ति रोकना ही मलेरिया की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है। इसी उद्देश्य से जिले में जनजागरूकता रथ, प्रदर्शनी, शिविरों एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं और मलेरिया उन्मूलन अभियान में सहयोग दें।
                         ✍🏻

إرسال تعليق

0 تعليقات

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved