डबल मनी के कथित मामले में ग्रामीणों ने निवेश की राशि वापस मांगी, आरोपी के घर पहुंचे लोग।

लांजी / बालाघाट
 लांजी क्षेत्र के ग्राम बोलेगांव में डबल मनी (राशि दोगुनी करने) के कथित निवेश मामले को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने जमा पैसे वापस मांगने के लिए कथित रूप से सोमेंद्र कंकरायने के घर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कम समय में राशि दोगुनी होने के लालच में लाखों रुपये निवेश किए थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उनकी राशि वापस नहीं मिली।
बताया गया कि ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पहले ही लांजी थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर सूचना दी थी कि वे 28 जून को सामूहिक रूप से अपनी जमा राशि की मांग करने संबंधित लोगों के घर जाएंगे।
ग्रामीणों के अनुसार, जब वे सोमेंद्र कंकरायने के घर पहुंचे तो वह वहां मौजूद नहीं मिले। इससे निवेशकों की चिंता और बढ़ गई।
आवेदन में सोमेंद्र कंकरायने, प्रदीप कंकरायने, तामेश मंसुरे, रोकेश मंसुरे एवं दिनेश कंकरायने के नाम शामिल होने का उल्लेख किया गया है। सभी ग्राम बोलेगांव, तहसील लांजी के निवासी बताए गए हैं।
पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि इस कथित निवेश योजना में उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी फंस गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए तथा निवेशकों की राशि वापस दिलाने के प्रयास किए जाए |

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved