महिला एवं बाल विकास विभाग ने मौसम में आए परिवर्तन को देखते हुए जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुंद्रीयाल द्वारा मंगलवार, 30 जून को इस संबंध में आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार, ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए 22 अप्रैल 2026 से जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक किया जा रहा था। अब मौसमीय परिस्थितियों में बदलाव होने के कारण 1 जुलाई 2026 से सभी आंगनवाड़ी केंद्र पूर्व निर्धारित समयानुसार सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
संशोधित समय-सारणी के अनुसार सुबह 9 बजे बच्चों के स्वागत के साथ केंद्र का संचालन शुरू होगा। इसके बाद शाला पूर्व शिक्षा, सामुदायिक गतिविधियां, पूरक पोषण आहार वितरण, स्वतंत्र एवं रचनात्मक खेल, भाषा एवं साक्षरता विकास तथा बाहरी खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। दोपहर में भोजन वितरण किया जाएगा, जबकि दोपहर बाद थर्ड मील वितरण, पोषण परामर्श, बच्चों की वृद्धि निगरानी, किशोरी बालिका योजना की गतिविधियां, गृह भेंट एवं अन्य विभागीय कार्य संपादित किए जाएंगे। शाम 4 बजे तक रिकॉर्ड संधारण सहित दिनभर की गतिविधियां पूर्ण की जाएंगी।
0 टिप्पणियाँ