बालाघाट में शिक्षा सुधार की नई पहल, विनोबा ऐप से FLN कार्यक्रम को मिलेगी नई गति I कलेक्टर मृणाल मीना और सीईओ अभिषेक सराफ के मार्गदर्शन में तकनीकी नवाचार से मजबूत होगी बुनियादी शिक्षा।


बालाघाट
जिले में बुनियादी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में गुणात्मक सुधार लाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल प्रारंभ की गई है। कलेक्टर मृणाल मीना एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ के मार्गदर्शन में ओपनलिंक्स फाउंडेशन द्वारा एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु तकनीकी एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
इस पहल के अंतर्गत “विनोबा ऐप” को एक आधुनिक तकनीकी उपकरण के रूप में उपयोग में लाया जा रहा है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाया जा सके। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह ऐप विद्यार्थियों के सीखने के स्तर की सतत निगरानी, मूल्यांकन तथा शिक्षकों के कार्य प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों की पहचान कर उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। इससे शिक्षकों में कार्य के प्रति उत्साह, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा एवं बेहतर प्रदर्शन की भावना को बढ़ावा मिलेगा।
इसी क्रम में 14 एवं 15 मई 2026 को जिले के सभी 10 विकासखंडों में “विनोबा कार्यक्रम” एवं ओएमआर प्रक्रिया पर दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 2,120 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 1,869 शिक्षक एवं 107 प्रधानाध्यापक शामिल रहे।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम का संचालन ओपनलिंक्स फाउंडेशन के 10 फैसिलिटेटर्स द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डीपीसी, एपीसी तथा सभी बीआरसी एवं सीआरसी टीमों का विशेष सहयोग रहा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस नवाचार आधारित पहल से जिले में एफएलएन कार्यक्रम को नई गति मिलेगी तथा प्रारंभिक कक्षाओं के विद्यार्थियों में पढ़ने, लिखने एवं गणना संबंधी क्षमताओं में अपेक्षित सुधार देखने को मिलेगा।
                   ✍️
                 बालाघाट
                     👆

إرسال تعليق

0 تعليقات

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved