बैहर एसडीएम की बड़ी कार्रवाई -7 अवैध ईंट भट्ठे बंद, मोटर पंप भी जब्त पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन सख्त, जल स्रोतों के दुरुपयोग पर होगी कड़ी कार्रवाई।

बैहर / बालाघाट
 बैहर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में पेयजल संकट और जल स्रोतों के दुरुपयोग की लगातार मिल रही शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार 26 मई को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैहर अर्पित गुप्ता ने क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों एवं पेयजल स्रोतों के दुरुपयोग के मामलों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान बिना वैधानिक अनुमति संचालित कुल 7 अवैध ईंट भट्ठों को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत सिंगबाग बैघाटोला क्षेत्र में 2, नरसिंह टोला में 2, कंपाउंडर टोला वार्ड क्रमांक-7 बैघाटोला में 1 तथा मोहबट्टा क्षेत्र में मॉडल स्कूल के पीछे संचालित 2 ईंट भट्ठों पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ किसानों द्वारा खेतों में सिंचाई के लिए पेयजल स्रोतों से अवैध रूप से मोटर पंप लगाकर पानी का उपयोग किया जा रहा था। प्रशासन ने मौके पर लगे मोटर पंप एवं पाइप जब्त कर लिए और संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी दी।
एसडीएम अर्पित गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में पेयजल उपलब्धता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना अनुमति पेयजल स्रोतों का उपयोग करने, मोटर पंप लगाने अथवा जल का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गर्मी के मौसम में पेयजल का उपयोग केवल आवश्यक घरेलू कार्यों के लिए करें तथा जल संरक्षण में सहयोग दें, ताकि सभी नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
                            ✍️

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved