कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने धरना स्थल पर प्रतिनिधित्व कर रहे कर्मचारियों से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री अभिषेक सराफ की उपस्थिति में विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा।
कलेक्टर श्री मीना ने कर्मचारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मुद्दों के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और नियमों के अनुरूप उचित कार्रवाई की जाएगी।
चर्चा के दौरान कई मुद्दों पर सहमति बनने और समस्याओं के समाधान का भरोसा मिलने के बाद कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की। इसके साथ ही कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में लौटकर नियमित कार्य शुरू करने का निर्णय लिया।
धरना समाप्त होने के बाद प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बनी सहमति से जिले में पंचायत से जुड़े कार्यों के सुचारू संचालन का मार्ग भी साफ हो गया है। लंबे समय से लंबित कई विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों के अब गति पकड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
कर्मचारियों ने भी उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र ही ठोस निर्णय लेगा, जिससे भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने। वहीं प्रशासन ने भी कर्मचारियों से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
0 تعليقات