वारासिवनी में आकस्मिक निरीक्षण-अवैध पेट्रोल व गैस सिलेंडर जब्त, प्रशासन की सख्त कार्रवाई ।

बालाघाट
जिले की वारासिवनी तहसील में अवैध भंडारण और विक्रय के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार, 28 मार्च को व्यापक आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार सुश्री वंदना कुशराम एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुश्री निहारिका अवस्थी के नेतृत्व में की गई, जिसमें राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
कार्रवाई के दौरान टीम ने ग्राम झालीवाड़ा, मेंहदीवाड़ा एवं कौलीवाड़ा में संचालित विभिन्न किराना एवं अन्य दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर पेट्रोल एवं एलपीजी गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण और विक्रय से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 50 लीटर पेट्रोल जब्त किया, जिसे बिना किसी वैध अनुमति के विक्रय हेतु संग्रहित किया गया था। इसके साथ ही ग्राम मेंहदीवाड़ा में अवैध रूप से रखे गए 22 एलपीजी गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। संबंधित दुकानदारों के पास इनका कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज उपलब्ध नहीं था।
इस कार्रवाई के चलते क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई और अन्य दुकानदारों में भी सतर्कता देखी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल एवं गैस सिलेंडर जैसे ज्वलनशील पदार्थों का बिना अनुमति भंडारण न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है।
निरीक्षण टीम ने दुकानदारों को आवश्यक नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि इस प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक प्रावधान शामिल हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऐसे अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। जिले में आगे भी इस तरह के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहने की बात कही गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved