जिला पंचायत सदस्य मधु ऋषि शुक्ला का अनूठा नवाचार - ग्रामीण महिलाओं को कराई तीर्थ दर्शन यात्रा।

खैरलांजी / बालाघाट
जिला पंचायत सदस्य मधु ऋषि शुक्ला द्वारा एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी नवाचार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के अंतर्गत उनके क्षेत्र की ग्रामीण बहनों को तीर्थ दर्शन यात्रा पर ले जाया गया। यात्रा के दौरान सबसे पहले बहनों को हाजरा फॉल का प्राकृतिक सौंदर्य दिखाया गया, जिससे सभी ने आनंद एवं उत्साह का अनुभव किया।नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर सभी महिलाएं डोंगरगढ़ पहुंचीं, जहां उन्होंने मां बमलेश्वरी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स्वयं सहायता समूह की बहनों के साथ बमलेश्वरी धाम में भंडारे का आयोजन भी किया गया,जिसमें सभी ने सहभागिता निभाई।
यात्रा उपरांत महिलाओं का पारंपरिक तरीके से सम्मान किया गया। उन्हें हल्दी-कुमकुम अर्पित कर साड़ी एवं श्रृंगार सामग्री भेंट की गई तथा उनका पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर मधु शुक्ला ने मां बमलेश्वरी से सभी महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की और स्वयं सहायता समूहों के कल्याण हेतु चुनरी अर्पित की।
इस यात्रा में एक बस के माध्यम से 22 ग्राम पंचायतों की महिलाओं को शामिल किया गया, जिससे बड़ी संख्या में बहनों को इस आध्यात्मिक एवं प्रेरक यात्रा का लाभ मिला।
मधु शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि “देवी कहीं बाहर नहीं, हमारे घरों में ही विराजित हैं। हर महिला मां अन्नपूर्णा, मां दुर्गा, मां काली और मां लक्ष्मी के विभिन्न स्वरूपों में परिवार और समाज का संबल बनती है। इसलिए घर की मां-बेटियों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।”
उन्होंने आगे कहा कि जैसे शिव बिना शक्ति अधूरे हैं, वैसे ही शक्ति के बिना शिव का अस्तित्व नहीं है। पति-पत्नी को मिलकर जीवन के हर कार्य को सफल बनाना चाहिए और समाज में महिलाओं को देवी स्वरूप मानकर उनका सम्मान करना चाहिए।
मधु शुक्ला ने बताया कि उनका उद्देश्य समाज में एक नई मुहिम के माध्यम से महिलाओं को उनके वास्तविक स्वरूप और महत्व से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि “हमारे घरों में ही पहली देवी का वास है, उनका हर कदम पर सम्मान होना चाहिए। उनके कल्याण में ही समाज का कल्याण निहित है।”
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की कामना करते हुए भविष्य में भी ऐसे नवाचार कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved