नंदोरा में आदि-जोहार का सांस्कृतिक मिलन ‘रेला’ सम्पन्न👆

REPORTER
By -
0
किरनापुर / बालाघाट
 ग्राम नंदोरा (पंचायत बक्कर) में 1 से 8 फरवरी तक ‘रेला’ नामक सांस्कृतिक मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन आदि-जोहार समूह के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ, जिसमें विभिन्न आदिवासी समुदायों के साथ देश-विदेश से आए प्रतिभागियों ने सहभागिता निभाई।
आमंत्रण आधारित इस 8 दिवसीय कार्यक्रम में पूर्व पंजीकरण अनिवार्य रखा गया था। आयोजन प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक संचालित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न देशों से 11 विदेशी प्रतिभागी एवं भारत के अलग-अलग शहरों से 25 प्रतिभागी शामिल हुए।
सांस्कृतिक मिलन में कांकेर एवं नारायणपुर (छत्तीसगढ़) से मुरिया समुदाय के 95 सदस्य, कवर्धा से बैगा समुदाय के 11 सदस्य, आमरागढ़ से माडिया समुदाय के 14 सदस्य तथा पश्चिम बंगाल से संथाल समुदाय के 11 सदस्यों ने भागीदारी की।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक एवं लोक संगीत, सामूहिक नृत्य, सांस्कृतिक संवाद, कला एवं हस्तशिल्प की प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न समुदायों ने अपनी जीवन शैली, परंपराओं एवं सांस्कृतिक अनुभवों को साझा किया। आयोजन प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप सीमित ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के साथ सम्पन्न हुआ।
यह सांस्कृतिक मिलन पूर्णतः सामूहिक सहयोग पर आधारित रहा। शहरों एवं विदेशों से आए प्रतिभागियों ने स्वैच्छिक आर्थिक सहयोग प्रदान किया, जबकि आदिवासी समुदायों द्वारा चावल, पत्तलों हेतु पत्ते एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए भोजन के लिए पत्तलों का उपयोग किया गया। स्थल पर कचरा पात्रों की व्यवस्था की गई तथा प्लास्टिक अपशिष्ट को पृथक एकत्र कर पुनर्चक्रण हेतु भेजा गया। पार्किंग की व्यवस्था निजी भूमि पर की गई एवं प्राथमिक उपचार हेतु फर्स्ट एड किट उपलब्ध रही।
आयोजकों के अनुसार ‘रेला’ का उद्देश्य सांस्कृतिक संरक्षण, ग्रामीण-शहरी संवाद, अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशील जीवन दृष्टि को बढ़ावा देना रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन पूर्णतः मैत्रीपूर्ण सांस्कृतिक मिलन था, जिसका कोई व्यावसायिक या राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। उल्लेखनीय है कि “आदि-जोहार” कोई पंजीकृत संस्था नहीं, बल्कि मित्रों का एक समूह है, जो आदिवासी समुदायों के साथ संवाद एवं सांस्कृतिक सहयोग की भावना से कार्य करता है।
Tags:

إرسال تعليق

0 تعليقات

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

6 /related/default