नर्मदा नदी के कछार क्षेत्र से अवैध शराब व लाहन जब्त, अनुमानित कीमत एक लाख से अधिक



मंडला। जिले में अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंडला शहर के समीप ग्राम खड़देवरी के पास नर्मदा नदी के कछार क्षेत्र में दबिश देकर अवैध शराब निर्माण से जुड़े अड्डों पर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान नदी किनारे रेत में दबाकर रखे गए करीब 95 डब्बों में भरा महुआ लाहन बरामद किया गया। प्रत्येक डब्बे में लगभग 10 किलो लाहन पाया गया, इस प्रकार कुल 950 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया।

इसके अलावा मौके से लगभग 75 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब भी जब्त की गई। आबकारी अमले को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
आबकारी विभाग द्वारा बरामद महुआ लाहन को घटनास्थल पर ही नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में जब्त मदिरा एवं नष्ट किए गए लाहन की अनुमानित कीमत 1 लाख 6 हजार 250 रुपये बताई गई है।
मामले में अवैध रूप से मदिरा निर्माण करने वाले अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.