ग्राम झिरी में शासकीय गौशाला के आसपास की चरनोई भूमि से हटाया गया अतिक्रमण।

नरसिंहपुर
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशानुसार तेंदूखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत करहैया के ग्राम झिरी में स्थित शासकीय गौशाला के आसपास की शासकीय चरनोई भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। यह कार्रवाई राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा नियमानुसार की गई, जिसका उद्देश्य गौशाला एवं पशुओं के लिए आरक्षित चरनोई भूमि को सुरक्षित रखना रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय गौशाला के आसपास की चरनोई भूमि पर लंबे समय से अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया था, जिससे गौशाला के संचालन एवं पशुओं के चरने की व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के निर्देश जारी किए गए।
तहसीलदार तेंदूखेड़ा श्री निर्मल पटले के नेतृत्व में राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमित भूमि को चिन्हित किया एवं आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमित शासकीय भूमि को पूर्णतः मुक्त कर गौशाला एवं चरनोई भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि शासकीय भूमि, विशेषकर गौशाला एवं चरनोई भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार्य नहीं है। भविष्य में भी इस प्रकार के अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से ग्रामीण क्षेत्र में पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा तथा गौशाला के सुचारु संचालन के साथ-साथ पशुओं के लिए पर्याप्त चरनोई भूमि उपलब्ध हो सकेगी। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शासकीय भूमि पर अतिक्रमण न करें और शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

إرسال تعليق

0 تعليقات

WhatsApp