बालाघाट–सिवनी सांसद ने रेल मंत्री से की मुलाकात, रेल सुविधाओं के विस्तार की रखी मांग

बालाघाट–सिवनी सांसद ने रेल मंत्री से की मुलाकात, रेल सुविधाओं के विस्तार की रखी मांग

 बालाघाट–सिवनी | 04 फरवरी 2026

बालाघाट–सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद भारती पारधी ने संसद के चालू सत्र के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण रेल समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा।

मुलाकात के दौरान सांसद ने इंदौर से नैनपुर के बीच संचालित पेंचवेली एक्सप्रेस ट्रेन को बालाघाट होते हुए गोंदिया तक विस्तारित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस विस्तार से बालाघाट, सिवनी सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन अधिक सुगम होगा।

इसके अलावा सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र अंतर्गत बालाघाट एवं सिवनी से नई ट्रेनों के संचालन तथा कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को सिवनी और बालाघाट तक विस्तारित करने की भी मांग रखी, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सके।

सांसद ने गोंदिया–जबलपुर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर यात्री एवं माल परिवहन का दबाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में ट्रैक का दोहरीकरण होने से रेल संचालन अधिक सुरक्षित, सुचारु एवं तेज होगा।

केंद्रीय रेल मंत्री के साथ हुई चर्चा के दौरान सांसद ने इन सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाने का अनुरोध किया। रेल मंत्री ने विषयों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

सांसद की इस पहल से बालाघाट–सिवनी लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों को निकट भविष्य में बेहतर रेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.