रायसेन/मेहगांव (उपेंद्र गौतम) नगर के श्रद्धालु प्रवीण मिश्रा अपनी आस्था, संकल्प और निष्ठा के बल पर लगातार 19वीं बार अमरनाथ यात्रा के लिए बुधवार को अपने साथियों के साथ रवाना हुए। हर वर्ष की तरह इस बार भी भोलेनाथ के दर्शन की तीव्र इच्छा और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ प्रवीण मिश्रा ने यात्रा की शुरुआत की।
प्रवीण मिश्रा 2006 से लगातार हर वर्ष अमरनाथ यात्रा कर रहे हैं। वे बताते हैं कि पहली यात्रा जीवन बदल देने वाला अनुभव था। "माइनस जीरो डिग्री की ठंड, बर्फ से ढके रास्ते और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उस यात्रा में ऐसा आध्यात्मिक अनुभव मिला, जिसने जीवन को एक नई दिशा दी," प्रवीण ने भावुक होकर कहा।
इस बार उनके साथ प्रताप कुशवाहा, अर्पित मिश्रा, अर्पण मिश्रा, सीमा मिश्रा, नीलेश राज, कला कुशवाहा, उमा कुशवाहा सहित अन्य श्रद्धालु भी यात्रा पर निकले। सभी ने मेहगांव मंदिर में दर्शन कर यात्रा का शुभारंभ किया।
प्रवीण मिश्रा ने यह भी बताया कि अब अमरनाथ यात्रा मार्ग पर स्थानीय लोगों से उनका पारिवारिक सा रिश्ता बन गया है। "हर साल उन्हीं रास्तों से होकर जाना, उन्हीं चेहरों से मिलना, अब यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि आत्मीय रिश्तों का सिलसिला भी बन गई है," उन्होंने कहा।
नगरवासियों के लिए प्रेरणा
प्रवीण मिश्रा की यह निरंतरता और आस्था नगरवासियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनके साहस, समर्पण और धार्मिक भावना की हर कोई सराहना कर रहा है।
बाबा बर्फानी के प्रति अपार श्रद्धा और हर साल की यह कठिन यात्रा यह साबित करती है कि आस्था अगर सच्ची हो तो कोई भी मार्ग असंभव नहीं होता।