मध्यप्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा, रूफटॉप सोलर क्षमता 168 मेगावाट के पार

 जिला संवादाता
By -
0


54 हजार से अधिक परिसरों में लगे सोलर संयंत्र, उपभोक्ताओं को 322 करोड़ रुपये से ज्यादा की सब्सिडी

जबलपुर, 16 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के प्रयासों को बड़ी सफलता मिल रही है। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के क्षेत्र में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की कुल स्थापित क्षमता 168 मेगावाट के पार पहुंच गई है। अब तक 54,036 परिसरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें 46 हजार से अधिक घरेलू उपभोक्ता अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा का उत्पादन कर बिजली बिल में बचत कर रहे हैं।

इस अभियान को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से नई गति मिली है। योजना के तहत अब तक 41,475 उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की ओर से 322 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी दी जा चुकी है। पात्र घरेलू उपभोक्ता योजना के अंतर्गत अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा अन्य योजनाओं के माध्यम से औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कार्यालयों और विभिन्न परिसरों में भी सोलर संयंत्र स्थापित किए गए हैं।

सोलर स्थापना में जबलपुर जिला सबसे आगे

रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना के मामले में जबलपुर जिला कंपनी क्षेत्र में पहले स्थान पर है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जबलपुर महानगर में लगभग 12,060 और पूरे जिले में 13,230 स्थानों पर सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनकी कुल स्थापित क्षमता 48 मेगावाट से अधिक है।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार जबलपुर के बाद सागर में 4,700, रीवा में 4,000, सतना में 2,830, छतरपुर में 2,820, छिंदवाड़ा में 2,800, दमोह में 2,350, कटनी में 2,250, बालाघाट में 1,900 तथा टीकमगढ़ में 1,800 स्थानों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं।

बिजली बिल में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण

सौर ऊर्जा के प्रति उपभोक्ताओं का बढ़ता रुझान प्रदेश में स्वच्छ और हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित कर रहा है। रूफटॉप सोलर संयंत्रों के माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली जरूरतों का कुछ हिस्सा स्वयं पूरा कर सकते हैं। इससे बिजली बिल में बचत के साथ पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलती है।

मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default