संविधान के मूल्यों से कैसे बनेगा विकसित भारत? सांसद भारती पारधी ने युवाओं को दिया संदेश!

REPORTER
By -
0
बालाघाट
संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संविधान के मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को लेकर विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में सांसद श्रीमती भारती पारधी ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए संविधान के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे ने की। मुख्य अतिथि सांसद भारती पारधी तथा विषय विशेषज्ञ प्रोफेसर वाई.बी. कसबे उपस्थित रहे। संगोष्ठी में व्यवसायी रितेश अग्रवाल, अधिवक्ता मनमोहन द्विवेदी, संवैधानिक फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रवीण मेश्राम, राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी ग्रेसी अडमे एवं समाजसेवी नरेंद्र भैरम सहित अन्य अतिथियों ने सहभागिता की।
👉         विद्यार्थियों ने रखे विचार, सांसद से किया संवाद।
संगोष्ठी में वक्ता नितेश नाग ने भारतीय संविधान के विभिन्न पहलुओं और उसके महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की जिम्मेदारी पर अपने विचार रखे। राजकुमार मिश्रा, त्रिलोक सिंह राजपूत, शिवानी मिश्रा, आंचल बोपचे एवं गौतम उके ने विचार व्यक्त किए। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांसद भारती पारधी से सीधे संवाद कर संवैधानिक आदर्शों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
   👉     अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझें युवा
मुख्य अतिथि सांसद भारती पारधी ने कहा कि युवा किसी भी देश की नींव होते हैं। राष्ट्र का भविष्य उनकी सोच, ऊर्जा, जागरूकता और सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करता है। युवाओं को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहकर ही विकसित भारत की संकल्पना को साकार किया जा सकता है।
     प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, लोकतांत्रिक समझ और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. डुलेश्वरी टेम्भरे ने किया। अंत में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ संगोष्ठी का समापन हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default