मंडला के जंगली हाथियों का दल बालाघाट पहुंचा: तीन दिन तक गांवों में फसलें रौंदीं, देर रात गढ़ी वन परिक्षेत्र में दाखिल

REPORTER
By -
0
मंडला से बालाघाट पहुंचे जंगली हाथियों का दल, गांवों में फसलें रौंदीं

मंडला। मंडला जिले में तीन दिन तक फसलों को नुकसान पहुंचाने के बाद चार जंगली हाथियों का दल अब बालाघाट जिले में पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात हाथियों का दल बालाघाट के गढ़ी वन परिक्षेत्र में दाखिल हुआ। इन हाथियों के जिले में दाखिल होने से वन विभाग अलर्ट पर है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को डिंडोरी जिले की ओर से चार हाथियों का दल मंडला के मवई क्षेत्र में आया था। इसके बाद हाथियों ने मवई और मोतिनाला वन परिक्षेत्र के कई गांवों में खेतों की फसलें रौंद डालीं। परसेल, बदबार और सूरजपुरा समेत आसपास के गांवों में फसलों को काफी नुकसान पहुंचा, जिससे किसानों में रोष है।

हाथियों की मौजूदगी के दौरान वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी करती रहीं। टीमों ने सुरक्षित दूरी से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। ग्रामीणों को भी हाथियों के नजदीक न जाने और जंगल की ओर अकेले न निकलने की चेतावनी दी गई थी।

मोतिनाला रेंजर अभय पांडे के मुताबिक गुरुवार को हाथियों का दल मोतिनाला बीट के कक्ष क्रमांक 1420 में था। शुक्रवार देर रात हाथियों ने मंडला जिले की सीमा पार की और बालाघाट के गढ़ी वन परिक्षेत्र में चले गए। फिलहाल मवई और मोतिनाला क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी नहीं है, जिससे क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है।

वहीं बालाघाट के गढ़ी वन परिक्षेत्र में हाथियों के दाखिल होने से वहां के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की ओर से कहा गया है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि शाम के बाद जंगल की ओर न जाएं, हाथियों को उकसाएं नहीं और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
6 /related/default