देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प के साथ शनिवार, 28 जून को बालाघाट जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद भारती पारधी, बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे तथा मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य मौसम हरिनखेड़े ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 77 हजार 56 बच्चों को पोलियो निरोधक दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में 894 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां 3,584 टीकाकरण कर्मी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
👉 . घर-घर जाकर भी पिलाई जाएगी दवा
*************************************
अभियान के पहले दिन 28 जून को पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई। इसके बाद 29 और 30 जून 2026 को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
👉 जनप्रतिनिधियों ने की अपील
**********************************
इस अवसर पर सांसद भारती पारधी और विधायक अनुभा मुंजारे ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि "दो बूंद जिंदगी की" हर बच्चे के स्वस्थ भविष्य के लिए आवश्यक है और सभी अभिभावकों को इस अभियान में सक्रिय सहयोग करना चाहिए।
👉 कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलय, सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज महाजन, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सौरभ पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय तुरकर, सहायक कार्यक्रम प्रबंधक संजय मानेश्वर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ