बालाघाट। मध्यप्रदेश राज्य का प्रमुख धान उत्पादक जिला बालाघाट में अब धान की फसल की कटाई प्रारंभ हो चुकी है। जिले के किसानों ने हल्की अर्थात कम अवधि में पकने वाली धान की फसलों की कटाई का कार्य आरंभ कर दिया है।
इसी क्रम में उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने 2 अक्टूबर को ग्राम भ्रमण के दौरान लालबर्रा विकासखंड के ग्राम लेंडेझरी में किसानों के खेतों का निरीक्षण किया। खेतों में महिलाओं को धान की कटाई करते देखकर उन्होंने स्वयं भी खेत में पहुंचकर हंसिया उठाई और धान की कटाई में हाथ बटाया।
इस दौरान श्री मालवीय ने खेत में उपस्थित महिलाओं से चर्चा करते हुए कहा कि वे अगली फसल के लिए धान का बीज स्वयं तैयार करें, जिससे उन्हें बाजार से महंगा बीज खरीदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और वे बीज उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
उन्होंने किसानों को रासायनिक खादों के स्थान पर जैविक खादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया और बताया कि जैविक खेती न केवल भूमि की उर्वरता बढ़ाती है बल्कि फसलों की गुणवत्ता में भी सुधार करती है।
उप संचालक कृषि के इस प्रेरक व्यवहार से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। किसानों ने कहा कि अधिकारी द्वारा खेत में आकर कार्य करने से उन्हें नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला है ।
बालाघाट जिला ब्युरो प्रहलाद गजभिये
अभय वाणी न्यूज