अभयवाणी
प्रहलाद गजभिये ( जिला ब्युरो बालाघाट)
बालाघाट
जिले में कथित चावल घोटले और डबल मनी प्रकरण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। विधायक अनुभा मुंजारे ने प्रेसवार्ता कर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि छोटे आरोपियों पर कार्रवाई कर जांच को सीमित किया जा रहा है।
विधायक मुंजारे ने कहा कि यदि करोड़ों रुपये के इस चर्चित मामले की निष्पक्ष जांच करनी है तो केवल कुछ लोगों तक कार्रवाई सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे नेटवर्क और कथित मुख्य आरोपियों की भूमिका की गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के नाम लगातार चर्चा में हैं, उनके विरुद्ध अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराधों के मामलों में निष्पक्ष जांच ही सच्चाई सामने ला सकती है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं, संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा कथित प्रभावशाली व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। विधायक ने एसआईटी के बजाय सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
प्रेसवार्ता के दौरान अनुभा मुंजारे ने पूर्व विधायक रमेश भटेरे से भी पूछताछ किए जाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि यदि निष्पक्ष जांच होगी तो डबल मनी और चावल घोटाले से जुड़े कई अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस शीघ्र ही कथित मुख्य आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं करती, तो कांग्रेस पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करेगी और जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
अभयवाणी न्यूज
बालाघाट
👆👆👆
