कम वसूली पर सीईओ का कड़ा एक्शन, सात सहकारी समितियों को कारण बताओ नोटिस के निर्देशऔचक निरीक्षण में मिली लापरवाही, दो कर्मचारी अवैतनिक करने के निर्देश I वसूली अभियान में तेजी लाने की चेतावनी।

बालाघाट
 जिले में कालातीत एवं अकालातीत ऋणों की वसूली को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी बढ़ा दी है।कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक मृणाल मीना के मार्गदर्शन में चल रहे विशेष वसूली अभियान के तहत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिनव सिंह बघेल ने मंगलवार को डोंगरमाली शाखा अंतर्गत विभिन्न पैक्स समितियों एवं शाखाओं का औचक निरीक्षण कर ऋण वसूली कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री बघेल सबसे पहले पैक्स समिति लड़सड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने ऋण वसूली की प्रगति, खाद वितरण व्यवस्था एवं सदस्यता अभियान का जायजा लिया। समीक्षा के दौरान समिति के दो कर्मचारियों के उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं पाए जाने पर उन्होंने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों कर्मचारियों को अवैतनिक किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही पीओएस मशीन के माध्यम से किए जा रहे खाद वितरण का मिलान एवं खाद भंडार का भौतिक सत्यापन कराया गया, जिसमें स्टॉक सही पाया गया।
सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए सीईओ ने निर्देश दिए कि नए सदस्यों को नियमानुसार सभी सुविधाएं एवं लाभ समय पर उपलब्ध कराए जाएं। इसके बाद उन्होंने डोंगरमाली शाखा में शाखा अंतर्गत आने वाली समितियों की वसूली प्रगति का गहन परीक्षण किया। समीक्षा में सामने आया कि नवेगांव, आरंभा, भेंडारा, दीनी, बेनी, लड़सड़ा एवं मेंडकी समितियों की ऋण वसूली प्रगति गत वर्ष की तुलना में अपेक्षाकृत कमजोर रही है।
इस पर नाराजगी जताते हुए श्री बघेल ने संबंधित सातों समितियों को कारण बताओ स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि ऋण वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
वहीं, डोंगरमाली समिति द्वारा लक्ष्य के अनुरूप संतोषजनक वसूली किए जाने पर सीईओ ने समिति के कर्मचारियों की सराहना की और बेहतर प्रदर्शन के लिए उनकी प्रशंसा करते हुए अन्य समितियों को भी इससे प्रेरणा लेने की बात कही।
निरीक्षण के क्रम में श्री बघेल ने खैरलांजी एवं रामपायली शाखाओं का भी दौरा किया। यहां उन्होंने सदस्यता अभियान, कालातीत एवं अकालातीत ऋण वसूली, पशुपालन किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), मत्स्य पालन केसीसी, मध्यमकालीन ऋण, ईआरपी तथा सीबीएस सहित विभिन्न बैंकिंग गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने शाखा प्रबंधकों एवं समिति कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान समय ऋण वसूली के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रतिदिन गंभीरता, जवाबदेही एवं सक्रियता के साथ कार्य करें।
सीईओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर संबंधित समितियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने समितियों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से भी चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर रामपायली शाखा प्रबंधक आई.आर. भगत, खैरलांजी शाखा प्रबंधक मुकेश ठाकरे, डोंगरमाली शाखा प्रबंधक जयकुमार नंदनवार, एस.डी. अंकर, विनोद बिसेन सहित संबंधित समितियों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved