जनपद पंचायत कटंगी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक गौरव सिंह पारधी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती कविता देशमुख, उपाध्यक्ष श्री भानु सिंह पटले, जिला पंचायत सदस्यगण, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री श्री पटेल द्वारा कन्या पूजन से की गई।
मंत्री श्री पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते समय के साथ पंचायत भवनों की संरचना और उपयोगिता भी बदली है। अब ऐसे भवन बनाए जा रहे हैं जो 2 से 3 मंजिला होंगे और अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 106 जनपद पंचायतों में ‘अटल सुशासन भवन’ के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि भवन निर्माण के लिए लगभग 2 एकड़ भूमि निर्धारित की गई है, जिसमें से आधे एकड़ क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।
मंत्री श्री पटेल ने पंचायतों को पर्याप्त वित्तीय संसाधन मिलने की बात कहते हुए स्पष्ट किया कि “रुपयों की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें सही दिशा में विवेकपूर्ण तरीके से खर्च करने की है।”
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया गया, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, ग्रामीण सड़क योजना तथा ‘बगिया मां के नाम’ जैसी पहलें शामिल हैं। मंत्री ने बताया कि प्रदेश में हजारों सामुदायिक भवन भी बनाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधा मिल सके।
विधायक गौरव सिंह पारधी ने कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि कटंगी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाला केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पंचायत एवं सामुदायिक भवनों की स्वीकृति मंत्री श्री पटेल के विशेष प्रयासों का परिणाम है।
यह ‘अटल सुशासन भवन’ भविष्य में प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ जनसुविधाओं के बेहतर संचालन का केंद्र बनेगा, जिससे कटंगी क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी ।
0 تعليقات