मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 250 वरिष्ठ नागरिक रामेश्वरम–मदुरई तीर्थ यात्रा के लिए रवाना।

बालाघाट
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत 19 फरवरी को जबलपुर से नैनपुर–बालाघाट मार्ग से विशेष ट्रेन रामेश्वरम–मदुरई तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुई। इस यात्रा में बालाघाट जिले के 250 वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। बालाघाट रेलवे स्टेशन से ट्रेन शाम 07 बजकर 07 मिनट पर तीर्थ यात्रियों को लेकर रवाना हुई।
तीर्थ यात्रियों का कलेक्ट्रेट कार्यालय में अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे एवं संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक द्वारा हार पहनाकर स्वागत-सत्कार किया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। रेलवे स्टेशन पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सम्राट सिंह सरसवार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन, जोनल रेल सलाहकार समिति के सदस्य मोनिल जैन, पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में यात्रियों को विदाई दी गई।
एन.पी. बनवाले का सपना हुआ साकार
भटेरा चौकी, वार्ड नंबर 2 निवासी 75 वर्षीय एन.पी. बनवाले के लिए यह यात्रा विशेष रही। उन्होंने बताया कि लंबे समय से रामेश्वरम तीर्थ दर्शन की इच्छा थी। पूर्व में प्रयास के बावजूद चयन नहीं हो पाया था, किंतु इस बार योजना के अंतर्गत चयन होने पर उनका सपना साकार हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से जरूरतमंद नागरिकों को आध्यात्मिक यात्रा का अमूल्य अवसर मिल रहा है।
 👉      योजना का उद्देश्य और पात्रता
*********************************
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के बाहर स्थित प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराना है। योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक पात्र हैं, जबकि महिलाओं को आयु में 2 वर्ष की छूट प्रदान की गई है। आयकरदाता इस योजना के लिए पात्र नहीं होते। चयनित हितग्राहियों के लिए निःशुल्क यात्रा, भोजन, नाश्ता एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था शासन द्वारा की जाती है।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved