राष्ट्रीय युवा दिवस पर बालाघाट में सामूहिक सूर्य नमस्कार, स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती श्रद्धा व उत्साह से मनाई गई ।


बालाघाट
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को मुलना स्टेडियम, बालाघाट में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
 इस अवसर पर महान चिंतक, दार्शनिक एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री मृणाल मीना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कावरे, श्री गौरीशंकर बिसेन, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सिंह ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार कर योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने संबोधित करते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार एक प्रभावी योग अभ्यास है, जो शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। नियमित सूर्य नमस्कार से शरीर में ऊर्जा का संचार होता है और अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे पढ़ाई का तनाव कम होता है और मानसिक दृढ़ता बढ़ती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ सूर्य नमस्कार कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन में योग, अनुशासन और युवा चेतना का प्रेरणादायक संगम देखने को मिला।

إرسال تعليق

0 تعليقات

Copyright (c) 2020 abhaywani All Right Reseved