सिवनी। टैगोर वार्ड स्थित बरघाट नाका के समीप मोती नाला पर स्थित नर्मदेश्वर मंदिर के किनारे नर्मदेश्वर घाट का निर्माण कार्य आखिरकार प्रारंभ हो गया है। यह निर्माण कार्य पूर्व से ही स्वीकृत था, लेकिन विभिन्न कारणों से रुका हुआ था।
नर्मदेश्वर मंदिर समिति द्वारा इस कार्य को शुरू करने की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। इस पर सिवनी के लोकप्रिय विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन से चर्चा की। चर्चा के बाद, जिला प्रशासन ने सिवनी एसडीएम सुश्री मेघा शर्मा को स्थल निरीक्षण के लिए भेजा। निरीक्षण के उपरांत, एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट में इस स्थान को निर्माण के लिए उपयुक्त बताया।
दिनांक 13 दिसंबर को नगर पालिका के इंजीनियर संतोष तिवारी और कर्मचारी कुंज बिहारी दुबे ने नर्मदेश्वर मंदिर समिति के समक्ष निर्माण ठेकेदार संतोष नगपुरे को लेआउट प्रदान कर दिया। ठेकेदार ने आश्वासन दिया है कि निर्माण कार्य अगले एक-दो दिनों में प्रारंभ कर दिया जाएगा।
नर्मदेश्वर मंदिर समिति ने इस कार्य को शुरू करने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है। समिति ने सिवनी के लोकप्रिय विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन, सिवनी कलेक्टर श्रीमती संस्कृति जैन, नगर पालिका अध्यक्ष श्री शफीक खान, एसडीएम सिवनी सुश्री मेघा शर्मा और सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया है।
इस पहल से नर्मदेश्वर घाट के निर्माण का सपना साकार होता दिखाई दे रहा है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।