फ़ाइल कॉपी |
सिवनी, 19 नवंबर। कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में धान उपार्जन के लिए अधिकृत दो स्व-सहायता समूहों को 16 लाख 54 हजार 641 रुपये की वसूली के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई संबंधित तहसीलदारों द्वारा की गई है।
तहसीलदार केवलारी ने आदर्श स्व-सहायता समूह, अहरवाड़ा को नोटिस जारी किया है। यह समूह उगली और मोहबर्रा उपार्जन केंद्रों के संचालन के लिए अधिकृत था। जांच के दौरान समूह द्वारा क्रय की गई और शासन को जमा की गई धान के स्टॉक में अंतर पाया गया। इस गड़बड़ी के लिए समूह पर 4 लाख 20 हजार 433 रुपये की वसूली की कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी ओर, तहसीलदार धनौरा ने सरस्वती स्व-सहायता समूह को नोटिस जारी किया है। यह समूह मल्हनवाड़ा और रूमाल उपार्जन केंद्रों के संचालन का कार्य कर रहा था। इस समूह पर 12 लाख 34 हजार 208 रुपये की वसूली निर्धारित की गई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय-सीमा में उक्त राशि जमा नहीं की गई, तो संबंधित समूहों की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर वसूली की जाएगी। यह कार्रवाई शासन द्वारा उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।