मुलताई। जनपद पंचायत अध्यक्ष नान्ही बाई डहारे शनिवार जनपद क्षेत्र के ग्राम जूनापानी पहुंची जहां पर उन्होंने स्कूल का जायजा लिया और स्कूल में बच्चों को बटने वाले मध्यान भोजन की जानकारी ली। उन्होंने मध्यान भोजन की गुणवत्ता खराब होने पर नाराजगी जताते हुए कहां कि स्कूली बच्चों को बेहतर गुणवत्ता का मध्यान भोजन उपलब्ध कराया जाए। मेनू के अनुसार भोजन नहीं बनाए जाने पर उन्होंने रसोई संचालन करने वाली महिलाओं से बात की तो उन्होंने बताया कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जाती। जिसके चलते मेनू के अनुसार भोजन नहीं बन पाता है। पराठे बनाने के लिए तेल की आवश्यकता होती है, लेकिन तेल उपलब्ध नहीं कराए जाने से पराठे नहीं बनाए गए। वहीं गेहूं भी खराब गुणवत्ता का पहुंचाया गया है। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण मध्यान भोजन उपलब्ध करा पाना मुश्किल है। इस संबंध में जनपद अध्यक्ष नान्ही बाई डहारे ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उच्च अधिकारियों से बात कर मध्यान भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए उन्हें निर्देशित किया है।