सिवनी अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि पटवारियों के द्वरा फसलों की गिरदावरी की जाती है, परन्तु विगत वर्षों में शासन व्दारा विभिन्न विभागों की कृषक हितैषी योजनाओं में फसलों की जानकारी की आवश्यकता होने तथा किसानों व्दारा विसंगति पूर्ण फसल गिरदावरी की शिकायतें दर्ज कराये जाने की समस्याओं को ध्यान में रखते हुये विभाग व्दारा मोबाईल के माध्यम से ‘’MP Kisan app’’ के माध्यम से स्वयं किसानों व्दारा ई-गिरदावरी के माध्यम फसल गिरदावरी करने की सुविधा शुरू की गई है।
‘’MP Kisan app’’ के माध्यम से अब किसानों के व्दारा भी स्वयं अपने खेत में बोयी गई फसलों की गिरदावरी की जा सकती है। इसके लिये किसानों को सबसे पहले ‘’MP Kisan app’’ डाऊनलोड कर मोबाईल नंबर से पंजीयन करना होगा, लॉगिन करने के बाद स्व-घोषणा ऑप्शन के माध्यम से, खेत में जाकर फसल की फोटो खींचकर अपलोड करनी होगी। किसान की ID और पटवारी की ID में बोयी गई फसल सैटेलाईट इमेज भी प्रदर्शित होगी, जिसके आधार पर किसान और पटवारी बोयी गई फसलों की तुलना करके गिरदावरी में फसल दर्ज कर सकते हैं। मौसम रबी 2022-23 में किसानों के व्दारा फसल गिरदावरी किये जाने की तिथी दिनांक 21 दिसम्बर 2022 से 20 जनवरी 2023 तक नियत है इसके उपरांत किसानों के व्दारा स्वयं से गिरदावरी नहीं की जा सकेगी। 20 जनवरी 2023 के उपरांत यदि किसानों को यह प्रतीत हो कि उनके या पटवारी के व्दारा गलत फसल दर्ज कर दी गई है तो दिनांक 23 जनवरी 2022 से 28 जनवरी 2023 तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। मतलब यह कि त्रुटिपूर्ण फसल गिरदावरी के संबंध में 28 जनवरी 2023 तक दावा/आपत्ति प्रस्तुत की जा सकेगी। जिसका निराकरण संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार के व्दारा दिनांक 31 जनवरी 2023 तक किया जायेगा। उसके उपरांत गिरदावरी का पोर्टल फसल गिरदावरी व आपत्तियों के निराकरण हेतु शासन स्तर से बंद कर दिया जायेगा।
पटवारियों के व्दारा मौसम रबी-2022-23 की फसल गिरदावरी के लिये 20 जनवरी 2023 तक नियत है। सैटेलाईट इमेज, AI डाटा में उपलब्ध गिरदावरी की जानकारी के आधार पर 22 जनवरी 2023 तक तुलना की जाकर फसल गिरदावरी में यदि कोई विसंगति संबंधित पटवारी को प्रदर्शित होती है तो दिनांक 26 जनवरी 2023 तक उसका निराकरण कर उसकी त्रुटिसुधार करने हेतु संबंधित तहसीलदार को 28 जनवरी 2023 तक भेजकर अनुमोदन लेना होगा। जिले के समस्त किसानों से अपील है कि गूगल प्ले स्टोर से MP Kisan app डाऊनलोड कर पंजीयन करा लें और समयावधि के भीतर अपनी बोयी गई फसलों की गिरदावरी स्वयं से कर लें ताकि त्रुटिपूर्ण फसल गिरदावरी की समस्याओं तथा फसल उपार्जन के समय सही फसल प्रदर्शित न होने की समस्याओं का सामना न करना पड़े।