हिंसा और खूनखराबा कर प्रदेश की शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा----मुख्यमंत्री

EDITIOR - 7024404888
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 31 जवानों को दी क्रम से पूर्व पदोन्नति
मध्यप्रदेश शांति का टापू हैं। हिंसा और खूनखराबा कर प्रदेश की शांति को भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। प्रदेश सरकार नक्सल उन्मूलन में जान की बाजी लगाने वाले हमारे जांबाज वीर जवानों को क्रम से पूर्व (आऊट आफ टर्न) प्रमोशन देकर उनका सम्मान कर रही है और उन्हें सेल्यूट कर रही है। हम पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के जज्बे को सलाम करते है। यह बातें मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज 05 सितम्बर को पुलिस लाईन बालाधाट में आयोजित कार्यक्रम में 31 जवानों को आऊट आफ टर्न प्रमोशन देने के अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कही।
इस कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, मध्यप्रदेश शासन के गृह मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा, बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री श्री हरदीप सिंह डंग, आयुष राज्य मंत्री श्री रामकिशोर नानो कावरे, मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक श्री गौरीशंकर बिसेन, जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री सम्राट सिंह सरस्वार, विधायक सुश्री हिना कावरे, श्री टामलाल सहारे, पूर्व विधायक श्री भगत सिंह नेताम, पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्त वाता श्री आदर्श कटियार, जबलपुर संभाग के कमिश्नर श्री बी चन्द्रशेखर, बालाघाट जोन के पुलिए महानिरीक्षक श्री संजय कुमार, कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में आऊट आफ टर्न प्रमोशन पाने वाले जवानों को मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं अतिथियों ने बैच लगाकर सम्मानित किया और जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनके बच्चों की पढ़ाई आदि विषयों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि आज पुलिस जवानों को आउट आफ टर्न प्रमोशन देने का अद्भूत अवसर है। इन जवानों के विपरीत परिस्थितियों में कठिन परिश्रम के कारण हमारे गांव एवं शहर सुरक्षित है। जब हम अपने घरों पर परिवार के साथ तीज त्यौहार मना रहे होते हैं, तब हमारे जवान घने जंगलों एवं पहाड़ों पर अपनी जान जोखिम में डालकर हमारी सुरक्षा में लगे रहते है। इसमें सबसे बड़ी भूमिका हमारे पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों के परिवार की माताओं एवं बहनों की होती है। इन माताओं एवं बहनों के हौसले के कारण ही हमारे जवान जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों को निभाते है। इसके लिए प्रदेश की साढ़े 08 करोड़ जनता आपकी आभारी है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अगर वीरों का सम्मान नहीं किया जायेगा तो वीरता बांझ हो जायेगी। मध्यप्रदेश की सरकार प्रदेश में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने वाले जवानों के साथ खड़ी है। उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने देंगें। मैं जून माह में कान्हा पार्क आया था तो जवानों को कठिन परिस्थितियों में घनों जंगलों में ड्यूटी करते देखा था। तब जवानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना था। उसके बाद भोपाल जाकर निर्णय लिया गया कि नक्सल उन्मूलन में लगी हाक फोर्स के जवानों को सातवें वेतनमान के अनुसार 70 प्रतिशत प्रोत्साहन भत्ता दिया जायेगा। हमारी सरकार नक्सल उन्मूलन अभियान में जान की बाजी लगाकर कार्य करने वाले जवानों को आऊट आफ टर्न प्रमोशन दे रही है। हमारी सरकार जवानों के बच्चों की शिक्षा, बीमारी के उपचार पर भी ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों ने मध्यप्रदेश को शांति का टापू बनाकर रखा है। पहले डकैतों का आतंक था, हमने उन्हें खत्म किया। सिमी का नेटवर्क खत्म किया। भोपाल जेल से भागने वालों को कुछ देर बाद ही मार गिराया गया। हम शांति के पक्षधर हैं और खूनखराबा नहीं चाहते है। उन्होंने नक्सलियों को इंगित करते हुए कहा कि शांति की बात करने वालों के लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले है। प्रगति एवं विकास के लिए हमारे साथ कदम मिलाकर चलें, भोली-भाली जनता को बहकाना बंद करें। बंदूक की गोली से कुछ हासिल नहीं होगा। यदि किसी ने भी हमारी जनता को छेड़ा तो हमारी सरकार उसे छाड़ेगी नहीं।
मध्यप्रदेश के गृह मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि बालाघाट जिला नक्सली गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है। हमारे पुलिस जवानों ने 93 लाख रुपये के ईनामी नक्सलियों को मार गिराया है या जेल में बंद कर दिया है। हम उनका आव्हान करते हैं कि शांति को अपनायें, खून खराबा छोड़े और मुख्य धारा में शामिल हों। हम युद्ध करना जानते हैं तो बुद्ध के शांति के मार्ग को अपनाना भी जानते है। हमारे जवान डाकूओं के खात्में से लेकर सिमी के नेटवर्क को खत्म करने में सफल रहे है। जहां कहीं भी व्यवस्था बनाना हो वहां पर पुलिस के जवानों को लगा दिया जाता है। लेकिन इसके बाद भी हमारे जवाने कभी पीठ नहीं दिखाते है और अपना काम जिम्मेदारी के साथ करते है। कोरोना काल में भी हमारे जवानों ने अच्छा काम किया है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ ने बताया कि 20 जून 2022 को नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में हाक फोर्स के जवानों ने 57 लाख रुपये के ईनामी तीन हार्ड कोर नक्सलियों को मारा है। जिस पर मुठभेड़ में शामिल 31 जवानों को आउट आफ टर्न प्रमोशन प्रदान किया जा रहा है।
पदोन्नत होने वाले जवानों में रामपदम शर्मा को उप निरीक्षक से निरीक्षक पद पर, नरेश उके को सहायक उप निरीक्षक से उप निरीक्षक के पद पर, आशीष शर्मा को सहायक उप निरीक्षक से उप निरीक्षक के पद पर, लक्ष्मीकांत शुक्ला को सहायक उप निरीक्षक से उप निरीक्षक के पद पर, सतीश कुमार पाल को सहायक उप निरीक्षक के पद पर, कमल गुर्जर को सहायक उप निरीक्षक के पद पर, नागेन्द्र यादव को सहायक उप निरीक्षक के पद पर, प्रधान आरक्षक योगेन्द्र सिंह को सहायक उप निरीक्षक के पद पर, प्रधान आरक्षक मुकेश कुमार सिंह को सहायक उप निरीक्षक के पद पर, अरूण कुमार शर्मा को प्रधान आरक्षक, सौरभ शर्मा, देवेन्द्र वर्मा, सतीश सेहगल, रमन लामा, गजेन्द्र मर्सकोले, शिवनंदन सिंह, दिग्विजय सिंह, कैलाश भिलाला, रमेश विश्वकर्मा, सत्यपाल सिंह, विकास पराडकर, राकेश खारीवाल, तंवर सिंहि, मगंलदीन प्रजापति, पुरूषोत्तम दोहरे, मुनेश कुशवाह, जितेश सचान, कमलनयन यादव, रोहित मिश्रा, श्यामलाल उईके, कृष्ण कुमार राणा को प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति दी गई है। बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक श्री संजय कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शित किया।
शहीद स्मारक में पुष्प चक्र अर्पित की शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी
मुख्यमंत्री श्री चौहान, गृह मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा, प्रभारी मंत्री श्री हरदीप सिंह डंग, आयुष राज्य मंत्री श्री रामकिशोर नानो कावरे, पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग अध्यक्ष श्री गौरीशंकर बिसेन, पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्त वाता श्री आदर्श कटियार, जबलपुर संभाग के कमिश्नर श्री बी चन्द्रशेखर, बालाघाट जोन के पुलिए महानिरीक्षक श्री संजय कुमार, कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ ने पुलिस लाईन शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
Tags


 

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !